
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी इस साल चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट गई है। बीजेपी ने 4 राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। चार चुनावी राज्यों महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू कश्मीर के लिए पार्टी ने प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है।
बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रभारी और अश्विनी वैष्णव को सह प्रभारी नियुक्त किया है। जबकि हरियाणा चुनाव के लिए धर्मेंद्र प्रधान और बिप्लब कुमार देव को प्रभारी बनाया है। झारखंड का जिम्मा शिवराज सिंह को दिया गया है। यहां हिमंत बिस्वा सरमा को सह प्रभारी बनाया गया है। वहीं, जम्मू कश्मीर की जिम्मेदारी जी किशन रेड्डी को दी गई है।

जम्मू कश्मीर में 30 सितंबर से पहले की संभावना
जम्मू कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों के लिए 30 सितंबर से पहले होने का अनुमान है। इसके बाद बाकी के तीन राज्यों में अक्टूबर-नवंबर में चुनाव हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी सभी 90 सीटों पर उम्मीदवार उतार सकती है। यहां पिछला विधानसभा चुनाव 2014 में हुआ था। बीजेपी और पीडीपी की गठबंधन वाली सरकार बनी थी. जून 2018 में यह सरकार गिर गई।
झारखंड-महाराष्ट्र-हरियाणा में अक्टूबर-नवंबर में चुनाव
झारखंड-महाराष्ट्र और हरियाणा में अक्टूबर-नवंबर में चुनाव होने की संभावना है। अगर इन तीन राज्यों की मौजूदा स्थिति के बारे में बात करें तो हरियाणा में बीजेपी की सरकार है। नायब सिंह सैनी राज्य के मुख्यमंत्री हैं। लोकसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद इस बार कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं। हरियाणा में इस बार उसने सरकार बनाने का दावा किया है। लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 5 सीटों का नुकसान हुआ है जबकि कांग्रेस ने पांच सीटों पर जीत हासिल की। 2019 में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी।