अनोखे जुड़वा बच्चों का जन्म: शरीर से जुड़े पैदा हुए दो मासूम, प्रसव के बाद मां ने तोड़ा दम

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक असामान्य और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने जिला महिला अस्पताल में जुड़े हुए जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। यह दृश्य ऑपरेशन थियेटर में मौजूद चिकित्सकों के लिए भी चौंकाने वाला रहा।
जानकारी के अनुसार सासनी गेट क्षेत्र के बिहारी नगर निवासी आकाश कुमार की पत्नी नीरू ने 17 मार्च को इन बच्चों को जन्म दिया। जन्म के समय बच्चों के धड़ आपस में जुड़े हुए पाए गए। इस स्थिति को देखकर महिला गहरे सदमे में आ गई, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों के अनुसार, नीरू को बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
वहीं, जुड़वा बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज व देखभाल मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञों की निगरानी में किया जा रहा है।
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, इस तरह के मामले अत्यंत दुर्लभ होते हैं और इसमें विशेष चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता होती है।



