बिना नंबर प्लेट गाड़ी लेकर निकले तो नहीं मिलेगा पेट्रोल, बिलासपुर पुलिस की नई मुहिम

बिलासपुर। बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के सभी पेट्रोल और डीजल पंपों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिना नंबर प्लेट या छेड़छाड़ किए गए नंबर वाले वाहनों को ईंधन न दिया जाए।
पुलिस ने पंप संचालकों को यह भी हिदायत दी है कि यदि किसी वाहन की नंबर प्लेट संदिग्ध लगे तो इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम के नंबर 9479193099 पर दें। हाल के समय में कई गंभीर सड़क हादसों और आपराधिक घटनाओं में ऐसे वाहनों का उपयोग सामने आया है, जिनकी पहचान छिपाना आसान होता है।
पुलिस का कहना है कि इस सख्ती का उद्देश्य केवल ट्रैफिक नियमों का पालन कराना ही नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत बनाना है। ऐसे मामलों में पुलिस सीधे कोर्ट में चालान पेश कर रही है। थाना, चौकी और ट्रैफिक पुलिस को भी ऐसे वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन जल्द ही जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक भी बुलाएगा। इसमें उन्हें नियमों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया जाएगा कि नंबर प्लेट में किसी भी प्रकार का नियम विरुद्ध बदलाव दिखने पर वाहन चालक को ईंधन न दिया जाए।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि निजी या सरकारी पेट्रोल पंप संचालक इन निर्देशों का पालन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए फ्यूल स्टेशनों की निगरानी की व्यवस्था भी की जा रही है।
एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि पिछले कुछ समय से कई बाइक सवार कैमरों से बचने के लिए नंबर प्लेट हटाकर घूम रहे हैं। इसके अलावा कई आपराधिक घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं में भी बिना नंबर वाले वाहनों की संलिप्तता सामने आई है। ऐसे वाहनों पर नियंत्रण और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है।



