यूजीसी के नए नियमों के विरोध में आज बिलासपुर बंद, कल कलेक्ट्रेट तक निकाली जाएगी रैली

बिलासपुर। यूजीसी के नए नियमों के विरोध में सर्व सवर्ण समाज द्वारा एक फरवरी रविवार को भारत बंद का आह्वान किया गया है। इसके तहत बिलासपुर में भी पूर्ण बंद रखा जाएगा, जिसे विभिन्न समाजों और व्यापारिक संगठनों का समर्थन प्राप्त है। सवर्ण समाज का स्पष्ट कहना है कि जब तक इस कानून को वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
बंद के दौरान शहर की सभी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की गई है। सर्व समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रविवार सुबह नौ बजे नेहरू चौक पर एकत्रित होंगे और वहां से शहर बंद कराने निकलेंगे। विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने इस बंद को यूजीसी के काले कानून के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
आंदोलन के अगले चरण में दो फरवरी को दोपहर 12 बजे देवकीनंदन चौक से कलेक्ट्रेट तक एक विशाल रैली निकाली जाएगी। इसके पश्चात प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।



