बिलासपुर एयरपोर्ट अब ऑल वेदर श्रेणी में अपग्रेड, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का जताया आभार

रायपुर। भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C-VFR से 3C-ऑल वेदर ऑपरेशंस (IFR) श्रेणी में अपग्रेड करने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए एक बड़ा कदम बताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तकनीकी उन्नयन से अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर हर मौसम में विमानों का परिचालन संभव हो सकेगा। इससे न केवल हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि यात्रियों को साल भर सुरक्षित और सुलभ विमान सेवा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि ऑल वेदर ऑपरेशन की सुविधा से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही, इससे क्षेत्र में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह बदलाव बिलासपुर समेत पूरे प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।



