बिलासपुर: पार्किंग विवाद में अधिवक्ता के साथ मारपीट, डीजी रैंक के अफसर के बेटे हैं पीड़ित

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में पार्किंग विवाद को लेकर डीजी रैंक के पुलिस अधिकारी के बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पेशे से अधिवक्ता हैं। घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भिलाई निवासी तेजस्व देव बिलासपुर हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं और यहीं रहकर वकालत करते हैं। उनके पिता पुलिस विभाग में डीजी रैंक के अधिकारी हैं। अधिवक्ता तेजस्व देव अपने मित्र खिलेंद्र टंडन के साथ सरकंडा स्थित अशोक नगर चौक के इंडियन कॉफी हाउस में एक क्लाइंट से मिलने पहुंचे थे।
इसी दौरान कॉफी हाउस की पार्किंग में कार खड़ी करने को लेकर एक स्कॉर्पियो चालक से उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो से उतरे युवक ने अपना नाम सागर जायसवाल बताते हुए अधिवक्ता के साथ मारपीट की और उन्हें थप्पड़ मार दिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद शांत कराया। घटना के बाद अधिवक्ता सरकंडा थाने की ओर जा रहे थे, तभी स्कॉर्पियो सवार युवक ने उनका पीछा भी किया। जब अधिवक्ता ने अपनी कार थाने की ओर मोड़ दी तो आरोपी वाहन लेकर मोपका की ओर भाग गया।
अधिवक्ता ने पूरे मामले की शिकायत सरकंडा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



