बीजापुर: सुरक्षा बलों ने ध्वस्त किए 6 नक्सली स्मारक, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत दो बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। शनिवार को मोदकपाल थाना पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा बनाए गए 6 स्मारकों को तोड़ दिया। इससे पहले शुक्रवार को भी उसूर क्षेत्र के ताड़पाला हिल्स में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में छिपाकर रखे गए विस्फोटक और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।
उसूर क्षेत्र में केरिपु 196 वाहिनी और कोबरा 204 की टीम ने सघन सर्चिंग के दौरान जमीन के नीचे डंप किए गए प्लास्टिक और लोहे के ड्रमों से 13 नग डेटोनेटर, 11 किलो गन पाउडर, माओवादी वर्दी, सोलर प्लेट और साहित्य बरामद किया। इसके साथ ही जवानों ने इलाके में सुरक्षा के लिहाज से लगाए गए 13 आईईडी और एक पाइप आईईडी को भी मौके से बरामद कर निष्क्रिय किया।
नक्सल विरोधी अभियान के साथ-साथ पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग पर भी जोर दिया। ग्राम पंगुड़ में चलित थाना लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों का उत्साहवर्धन करते हुए नारेबाजी भी की।



