बिहार चुनाव 2025: आरजेडी ने जारी की 143 उम्मीदवारों की लिस्ट, कई सीटों पर महागठबंधन में खींचतान जारी

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच महागठबंधन में सीटों की खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आखिरकार देर रात 143 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। हालांकि, कई सीटों पर अब भी तालमेल की उलझन बरकरार है। खास बात यह रही कि कुटुंबा विधानसभा सीट पर आरजेडी ने अभी तक उम्मीदवार घोषित नहीं किया है, जिससे कांग्रेस को फिलहाल राहत मिलती नजर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, कुटुंबा सीट से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम आज नामांकन दाखिल कर रहे हैं।
तेजस्वी यादव फिर राघोपुर से मैदान में...
आरजेडी की इस सूची में पार्टी नेता तेजस्वी यादव ने एक बार फिर राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। वहीं मोकामा सीट से पार्टी ने बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को टिकट दिया है। इसके अलावा बीमा भारती को रुपौली विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।
महागठबंधन के भीतर ‘सीट संग्राम’ — तीन जगह आमने-सामने कांग्रेस-आरजेडी...
आरजेडी की लिस्ट जारी होने के बाद महागठबंधन की अंदरूनी खींचतान अब खुलकर दिखने लगी है। तीन विधानसभा सीटों पर दोनों दलों के प्रत्याशी एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में उतर गए हैं।
- वैशाली सीट: कांग्रेस से अजय कुशवाहा, आरजेडी से संजीव कुमार
- लालगंज सीट: कांग्रेस से आदित्य कुमार, आरजेडी से शिवानी शुक्ला
- सिकंदरा सीट: कांग्रेस से विनोद चौधरी, आरजेडी से उदय नारायण चौधरी
इन सीटों पर दोनों दलों के बीच मतभेद अभी तक सुलझ नहीं पाए हैं, जिससे महागठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठने लगे हैं।
राजनीतिक समीकरण पर नजर...
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आरजेडी की पहली सूची में कई पुराने चेहरों को दोबारा मौका दिया गया है, जबकि कुछ सीटों पर जातीय और क्षेत्रीय समीकरण को ध्यान में रखकर बदलाव किए गए हैं।
अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि कांग्रेस अपनी बाकी सीटों की सूची कब जारी करती है और गठबंधन में चल रही तकरार को कैसे सुलझाया जाता है।