सीएम भूपेश ने किया कटाक्ष, बोले-

रायपुर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी सूची में केंद्रीय मंत्रियों व सांसदों को टिकट देने के बाद छत्तीसगढ़ में भी यही फार्मूला अपनाने की चर्चा है। इसे लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है।
बुधवार को एक प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा मध्य प्रदेश में अपनी हार स्वीकार कर रही है। इसीलिए केंद्रीय मंत्रियों व सांसदों को विधानसभा चुनावों में दर्जनों की संख्या उतार रही है। भाजपा ने छत्तीसगढ़ में पहले ही हार मान ली है।
भाजपा नेता संबित पात्रा के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कहते हैं कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस की सरकार नक्सलियों को बढ़ावा देती है, क्या उनके बयान से केंद्रीय गृह मंत्री व केंद्र सरकार सहमत है। उनके कार्यकाल में आदिवासियों को नक्सली बताकर एनकाउंटर किया जाता है। जेल में डाल दिया जाता था। आज ये फर्जी एनकाउंटर व गिरफ्तारियां हमारे शासन में नहीं हो रही है तो इनको तकलीफ हो रही है।
चुनावी समय में लोकार्पण कार्यों पर भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए बघेल ने कहा कि हम लगातार विकास कार्य कर रहे हैं। हमने एक नवंबर से धान खरीदी करने का निर्णय लिया है। अमित शाह के आगमन पर कहा कि कल आ रहे हैं या नहीं यह पता कर लें, क्योंकि उनका आना कई बार स्थगित हो चुका है। गुजरात माडल पर कहा कि 2014 में पूरे देश में भाजपा के लोग घूमे और सत्ता में आए। इस माडल से लोगों को केवल महंगाई, बेरोजगारी मिली है। आज ट्रेनें बंद हैं। ट्रेनें रद होने से लोग बसों से जा रहे हैं। महंगी यात्रा कर रहे हैं।
यहां हर तरफ परिवर्तन की लहर है: तिवारी
परिवर्तन यात्रा में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंचे भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर विधानसभा का चुनाव सांसद लड़ रहे हैं तो इसका मतलब हम उसे बहुत गंभीरता से ले रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री बघेल सोचते हैं कि चुनाव को हम गंभीरता से नहीं लें तो यह उनकी रणनीति होगी। सबसे बड़ी बात यह है कि वह किस बात पर जीतेंगे? कांग्रेस की इज्जत छत्तीसगढ़ और राजस्थान में ही बची है। परिवर्तन यात्रा को लेकर तिवारी ने कहा कि हर तरफ से यहां परिवर्तन की लहर है।