भीषण गर्मी के बीच बड़ा फैसला: अब सुबह 7 से रात 9 बजे तक खुलेंगी राशन दुकानें

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राशन दुकानों के संचालन समय में बदलाव कर दिया गया है, जिससे अब हितग्राहियों को तेज धूप में परेशान नहीं होना पड़ेगा।
नए आदेश के तहत अब खाद्यान्न वितरण सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा, जबकि दोपहर की तेज गर्मी को ध्यान में रखते हुए दुकानें दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक बंद रहेंगी। निर्धारित छुट्टियों के दिनों में राशन दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। इससे पहले ये दुकानें सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुलती थीं, जिसके कारण लोगों को कड़ी धूप में राशन लेने जाना पड़ता था।
समय में इस बदलाव से लोगों को सुबह और शाम के ठंडे समय में राशन लेने की सुविधा मिलेगी। सरकार के इस फैसले से खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और मजदूर वर्ग को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने सभी उचित मूल्य दुकानों को नए समय का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।


