सड़क हादसे में बस्तर फाइटर के जवान की मौत, 2022 में हुआ था चयन

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से सटे आसना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सुरक्षा बल के जवान की मौत हो गई। नेशनल हाइवे 30 पर अज्ञात वाहन ने डीआरजी जवान भरत भारती की बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे हादसा इतना भीषण था कि जवान की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन के चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस मामले में अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बताया गया कि 2022 में भरत भारती का चयन बस्तर फाइटर के रूप में हुआ था और उनकी पोस्टिंग डीआरजी दस्ते में की गई थी। इस हादसे के बाद पुलिस महकमे और जवान के साथियों में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।



