पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर भूपेश बघेल का हमला, बोले- “संकट के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार”

रायपुर। देशभर में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सियासत तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा हालात के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों पर भी सवाल उठाए।
भूपेश बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों को विदेश यात्रा नहीं करने की सलाह देते हैं, लेकिन खुद लगातार विदेश दौरों पर रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “दूसरों के लिए कायदे-कानून अलग हैं और खुद के लिए अलग।” बघेल ने कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार जनता को राहत देने के बजाय सिर्फ बयानबाजी कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता महंगाई से परेशान है। ट्रांसपोर्ट से लेकर रोजमर्रा की चीजों तक का असर लोगों की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार इस संकट से निपटने के लिए आखिर क्या कदम उठा रही है।



