देवी गंगा गीत के साथ भोजली विसर्जन…

बिलासपुर। रक्षाबंधन के अगले दिन भाद्रपद कृष्ण पक्ष प्रथमा पर गुरुवार को लोकपर्व भोजली धूमधाम से मनाई गई। गाजे-बाजे के साथ भोजली गीत गाती हुई महिलाएं अपने सिर पर टोकरी में भोजली लेकर अरपा नदी के तट पर विसर्जन करने पहुंचीं। भोजली विसर्जन के साथ ही महिलाओं के साथ ही बच्चों, युवाओं ने एक-दूसरे के कानों में भोजली लगाकर बरसों पुरानी भोजली के दिन अपनी मित्रता का संदेश दिया। इसके साथ ही सरकंडा के नूतन कन्या शाला परिसर में अरपापांचल भोजली विसर्जन कार्यक्रम भी हुआ। इसमें महिलाओं व बच्चों ने देवी गंगा-देवी गंगा के रूप में भोजली के गीत भी गाए और भोजली का महत्व बताया।
छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं परंपरा को आगे बढ़ा रहीं महिलाएं: विधायक पांडेय भोजली विसर्जन कार्यक्रम में विधायक शैलेष पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी संस्कृति को आगे बढ़ने का काम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कर रहे हैं।
हमारी संस्कृति, हमारे खेल और धरोहर सुरक्षित रहे और पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए शहर की माताएं एवं बहनें भी आज भोजली विसर्जन कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। आज भोजली का बहुत बड़ा महत्व है। एक सप्ताह पहले से महिलाएं अपने घर में भोजली तैयारी करती हैं। यही कारण है कि आज भोजली विसर्जन करने के लिए महिलाएं काफी संख्या में यहां पहुंची हैं और बिलासपुर शहर की सालों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
अरपा किनारे भोजली और तीजा घाट बनेगा...
भोजली की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए विधायक पांडेय ने अरपा किनारे भोजली घाट और तीजा घाट बनाने का आश्वासन दिया है, ताकि छत्तीसगढ़ की परंपरा को बेहतर तरीके से मनाया जा सके। इसके साथ ही नई पीढ़ी के बच्चे व युवा स्थानीय संस्कृति व त्योहार के महत्व को जान सके। बाक्स गाजे-बाजे के साथ महिलाएं निकलीं भोजली विसर्जन शिवघाट सरकंडा में किया गया।
गाजे-बाजे के साथ महिलाएं भोजली गीत गाते हुए शहर में निकली। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आयोजन समिति के प्रमुख पिकू पांडे ने भोजली विसर्जन में शामिल सभी महिलाओं के प्रति आभार जताया। भोजली विसर्जन में प्रमुख रूप से माधुरी पूर्णा चंद्रा, सूर्यमणि तिवारी, घनश्याम कश्यप, चितरंजन सिंह राजपूत, भारत जुरियानी, तिलक कश्यप, रीता मजूमदार, राजू यादव, किरण धुरी, सीता पटेल के अलावा आयोजन समिति की महिलाएं काफी संख्या में शामिल हुई।