भिलाई क्राइम अपडेट: किराए के मकान में मिला 42 वर्षीय युवक का शव, सुपेला पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; परिजनों का बड़ा आरोप

भिलाई। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 42 वर्षीय मोहन रामटेक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला है। पुलिस मामले की जांच आत्महत्या के एंगल से कर रही है, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार मोहन रामटेक पिछले तीन महीनों से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर पेंटिंग का काम कर रहा था। शनिवार सुबह मकान मालिक को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर फंदे से लटका शव बरामद किया और सुसाइड नोट जब्त किया।
मृतक के भाई नवीन रामटेके का कहना है कि किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं है, लेकिन शव पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। उन्होंने बताया कि सुसाइड नोट में दो लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है।
परिजनों के अनुसार मृतक की मां का भिलाई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था और शनिवार को उनका ऑपरेशन होना था। इसी कारण परिवार के सभी सदस्य रात में अस्पताल में मौजूद थे और घर पर कोई नहीं था। इसी दौरान यह घटना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी, सुपेला थाना पुलिस, एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर और सीएसपी भिलाई नगर मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और सुसाइड नोट को जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



