बैतूल: पंचायत भवन की पुरानी दीवार गिरने से महिला मजदूर की मौत, मिस्त्री गंभीर रूप से घायल

बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेड़ी सांवलीगढ़ ग्राम पंचायत परिसर में पुरानी दीवार तोड़ते समय दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आकर एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पंचायत परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था और इसी के तहत पुरानी दीवार को तोड़ा जा रहा था। काम के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वहां मौजूद मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला मजदूर छाया बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मिस्त्री का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि यह कार्य पंचायत की ओर से कराया जा रहा था। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं कि बिना पर्याप्त इंतजाम के इस तरह का काम क्यों कराया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



