रायपुर के होटल में सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 5 हजार का इनामी राजा बजाज और साथी गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए संचालित सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मामले में खाईवाल राजेश उर्फ राजा बजाज और उसके साथी प्रदीप खत्री को रायपुर के एक होटल से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से करीब 45 लाख रुपए के सामान और 6.90 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी होटल के कमरे से रिक्की पैनल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। जांच के दौरान तीन लग्जरी कार, महंगे मोबाइल, लैपटॉप, बैंक दस्तावेज और सट्टे का हिसाब-किताब रखने वाले रजिस्टर जब्त किए गए हैं। साथ ही 10 से अधिक बैंक खातों में करोड़ों रुपए के लेन-देन के दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
एंटी साइबर एंड क्राइम यूनिट और सिविल लाइन पुलिस लंबे समय से मुख्य आरोपी राजा बजाज की तलाश कर रही थी, जिस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह ठिकाना बदल-बदल कर सट्टा संचालित कर रहा है। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद रायपुर में होटल पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने होटल का कमरा एक महिला के नाम पर बुक कराया था और वहीं से नेटवर्क संचालित कर रहे थे। तलाशी के दौरान सट्टे से संबंधित सामग्री और उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह रिक्की पैनल के जरिए देशभर में ऑनलाइन सट्टा चला रहा था। आरोपी टेलीग्राम के माध्यम से ग्राहकों को जोड़ते थे और व्हाट्सएप के जरिए लिंक उपलब्ध कराते थे, जिन पर एविएटर, विंगो, कैसिनो और अन्य गेम्स पर दांव लगाया जाता था। मुनाफे का बंटवारा भी तय था, जिसमें 65 प्रतिशत हिस्सा मुख्य संचालकों और 35 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय ऑपरेटरों को मिलता था।
पूरे नेटवर्क के संचालन के लिए फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खातों का उपयोग लेन-देन के लिए किया जाता था। जांच में लाखों रुपए के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से होंडा सिटी, मारुति ब्रेजा और मारुति स्विफ्ट डिजायर सहित तीन कार, एक स्कूटी, मोबाइल, लैपटॉप, बैंक पासबुक, चेकबुक और नकदी जब्त की है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की संपत्ति की जांच की जा रही है और जल्द ही कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर आर्थिक कार्रवाई भी की जाएगी।



