बस्तर में फिर झुकी बंदूकें: बीजापुर में 9 माओवादी आत्मसमर्पण, एक ढेर – मुख्यमंत्री साय ने बताई “बदलते बस्तर की तस्वीर”

रायपुर – छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले में सोमवार को कुल 9 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें से एक पर 24 लाख का इनाम घोषित था। वहीं दूसरी ओर, एक अन्य माओवादी को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए इसे “बदलते बस्तर की तस्वीर” करार दिया। उन्होंने कहा कि अब बंदूकें झुक रही हैं और बस्तर में विकास की आवाज बुलंद हो रही है। यह कामयाबी सुरक्षाबलों की वीरता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश की आंतरिक सुरक्षा को नई मजबूती मिली है। उन्होंने नक्सलवाद और आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार कर भारत को अधिक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र की ओर अग्रसर किया है।
450 से अधिक माओवादी ढेर, 1500 से ज्यादा गिरफ्तार...
दिसंबर 2023 से अब तक राज्य में लगभग 450 माओवादी मारे जा चुके हैं, 1579 गिरफ्तार किए गए हैं और 1589 से अधिक माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है
मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंशा के अनुरूप 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों के पुनर्वास और मुख्यधारा में शामिल करने की प्रक्रिया को तेज़ करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने इस सफलता के लिए सुरक्षाबलों, खुफिया एजेंसियों और प्रशासनिक अमले को बधाई दी और कहा कि बस्तर अब अंधेरे से उजाले की ओर बढ़ रहा है – और विकास ही उसकी पहचान बनेगा।