बस्तर पंडुम 2026: सुकमा के जनजातीय नाट्य दल ने जीता प्रथम पुरस्कार, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

जगदलपुर। बस्तर संभाग की समृद्ध संस्कृति, कला और परंपराओं के संरक्षण के लिए आयोजित बस्तर पंडुम 2026 में सुकमा जिले ने बड़ी सफलता हासिल की है। जगदलपुर के लाल बाग मैदान में आयोजित इस संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में सुकमा के जनजातीय नाट्य दल को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा के कलाकारों को स्मृति चिन्ह और 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बस्तर के पारंपरिक नृत्य, गीत, शिल्प और आंचलिक साहित्य को सहेजना तथा स्थानीय कलाकारों को एक बड़ा मंच प्रदान करना है।
इस प्रतियोगिता में सुकमा जिले से विभिन्न विधाओं के कुल 69 कलाकारों ने हिस्सा लिया। नाट्य विधा में कोंटा विकासखंड के सुदूर ग्राम पारला गट्टा की टीम ने बाजी मारी। मुड़िया जनजाति के इस 13 सदस्यीय दल ने दैनिक उपयोग की वस्तुओं जैसे ताड़ के पत्ते, मयूर पंख, तीर-धनुष और मछली पकड़ने के जाल का कलात्मक प्रयोग कर अपनी संस्कृति का जीवंत चित्रण किया।
कलाकारों की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने हर्ष व्यक्त किया है। दल की इस सफलता में नोडल अधिकारी और स्थानीय प्रबंधन का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने कलाकारों को प्रोत्साहित कर संभाग स्तर तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



