बस्तर के बीजापुर में दशहरे पर माओवादी संगठन को बड़ा झटका: 103 नक्सली हुए आत्मसमर्पण

बस्तर के बीजापुर जिले में दशहरे के अवसर पर सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता सामने आई है। आज कुल 103 माओवादी नक्सलियों ने सामूहिक आत्मसमर्पण किया, जिनमें 23 महिला नक्सली भी शामिल थीं। इनमें से 49 ऐसे नक्सली हैं, जिन पर कुल 1 करोड़ 23 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
यह आत्मसमर्पण न केवल सुरक्षा बलों की जीत है, बल्कि यह माओवादी संगठन के अंदर बढ़ते मतभेद और शासन की पुनर्वास नीतियों की सफलता को भी दर्शाता है।
सुरक्षा बलों के आंकड़ों के अनुसार, 2024 जनवरी से अब तक 924 माओवादी गिरफ्तार किए गए, जबकि 599 ने आत्मसमर्पण किया और 195 माओवादी मुठभेड़ों में ढेर हुए। इससे स्पष्ट होता है कि बस्तर में नक्सलियों का प्रभाव लगातार घट रहा है और उनकी संख्या में भी कमी आ रही है।
यह घटना उस समय हुई है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बस्तर के दशहरे उत्सव में शामिल होने वाले हैं। आत्मसमर्पण की यह बड़ी संख्या उनकी यात्रा के लिए भी एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।