बस्तर: 25 ईनामी नक्सलियों ने किया समर्पण, 2.90 करोड़ कैश और 11.16 करोड़ का सोना बरामद

बस्तर। नक्सलवाद उन्मूलन की निर्धारित समयसीमा के अंतिम दिन दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी) के 25 नक्सलियों ने हथियारों सहित समर्पण किया। इनमें 12 महिला और 13 पुरुष नक्सली शामिल हैं। सभी पर कुल एक करोड़ 47 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
सुरक्षा बलों ने माओवादी इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी की है। समर्पण के दौरान नक्सलियों से 2 करोड़ 90 लाख रुपये की नकदी और 7.20 किलोग्राम सोना (जिसका मूल्य 11.16 करोड़ रुपये आंका गया है) बरामद हुआ है। इसके अलावा एलएमजी, एके-47, एसएलआर, इंसास सहित 93 घातक हथियार भी सौंपे गए हैं।
समर्पण करने वालों में सीवाईपीसी मंगल कोरसा उर्फ मोटू, सीवाईपीसी आकाश उर्फ फागु उईका, डीवीसीएम शंकर मुचाकी (पश्चिम बस्तर डिवीजन प्लाटून नंबर 12 कमांडर), एसीएम राजू रैयाम उर्फ मुन्ना, एसीएम पाले कुरसम जैसे वरिष्ठ माओवादी कैडर शामिल हैं। सभी ने संगठन की औचित्यहीनता को स्वीकार करते हुए राष्ट्र की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।
बरामद हथियार
04 नग एके-47 राइफल, 09 नग एसएलआर राइफल, 01 नग इंसास एलएमजी, 07 नग 5.56 इंसास राइफल, 01 नग कार्बाइन, 12 नग .303 राइफल, 01 नग 8 एमएम पिस्टल, 07 नग सिंगलशॉट, 23 नग बीजीएल लांचर, 03 नग .315 बोर, 14 नग 12 बोर सहित कुल 93 हथियार बरामद किए गए।




