बार काउंसिल चुनाव: 93 हजार अधिवक्ता चुनेंगे 26 प्रतिनिधि, 12 मई को होगा महामुकाबला

भोपाल। मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। चुनाव में प्रदेश के लगभग 93 हजार अधिवक्ता 26 सदस्यों के चयन के लिए मतदान करेंगे। मतदान 12 मई को होगा, जबकि मतगणना 16 जून से शुरू की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित उच्चाधिकार प्राप्त चुनाव समिति ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश एस के पालो को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 16 मार्च को प्रोविजनल मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद अधिवक्ता 24 मार्च तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 1 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।
नामांकन प्रक्रिया 8 से 10 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें उम्मीदवार तीन दिनों तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 15 और 16 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद 20 से 22 अप्रैल तक नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होगी। प्रत्याशियों की अंतिम सूची 22 अप्रैल को शाम 5 बजे तक जारी कर दी जाएगी।
स्टेट बार काउंसिल का कार्यकाल अक्टूबर 2025 में समाप्त हो चुका है और फिलहाल परिषद विस्तार अवधि पर चल रही है। 4 फरवरी को इस मामले में सुनवाई के दौरान न्यायालय ने चुनाव कराने के निर्देश दिए थे।
इस बार के चुनाव में महिला आरक्षण भी लागू किया गया है। कुल 7 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिनमें से 5 पदों के लिए चुनाव होगा, जबकि 2 पदों पर मनोनयन किया जाएगा।



