असम बयान पर बांग्लादेश सख्त, भारत के राजनयिक को तलब कर जताया विरोध

ढाका ने कड़ा रुख अपनाते हुए भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त पवन बाधे को तलब किया। बांग्लादेश का विदेश मंत्रालय ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई।
यूएनबी रिपोर्ट के मुताबिक, महानिदेशक इशरत जहां ने भारतीय राजनयिक को बुलाकर बांग्लादेश का पक्ष साफ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान दोनों देशों के रिश्तों को नुकसान पहुंचाते हैं और इन्हें अपमानजनक माना गया है।
मामला उस बयान से जुड़ा है जिसमें सरमा ने असम में 20 कथित विदेशी नागरिकों को पकड़कर बांग्लादेश भेजने की बात कही थी और कड़ी भाषा का इस्तेमाल किया था।
ढाका ने साफ संकेत दिया कि संवेदनशील मुद्दों पर संयम जरूरी है। पिछले साल शेख हसीना सरकार के पतन और मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में गिरावट आई थी।
हालांकि हालिया चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जीत और तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद रिश्तों को पटरी पर लाने की कोशिश जारी है।




