बलौदाबाजार: अवैध शराब की शिकायत पर विवाद, कांग्रेस नेता और पुत्र हिरासत में

बलौदाबाजार। कसडोल ब्लॉक के ग्राम कटगी में अवैध शराब बिक्री की शिकायत को लेकर उपजा विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। ढाबा संचालक और कसडोल ब्लॉक ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत थवाईत ने अपने बेटे संतोष थवाईत के साथ मिलकर शिकायत करने वाले ग्रामीण से मारपीट की। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने ढाबा संचालक और उसके बेटे की धुनाई कर दी।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध शराब की शिकायत कलेक्टर और एसपी से पहले ही की गई थी, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया है।
ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कसडोल पुलिस छोटी कार्रवाइयों तक सीमित है और बड़े नेटवर्क पर ध्यान नहीं दे रही है। इसके अलावा बलौदाबाजार शहर में हाल ही में हुई गाड़ियों की बैटरी चोरी के मामले में भी पुलिस की ढुलमुल जांच को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। फिलहाल कटगी में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।



