बलौदाबाजार: धान खरीदी में फर्जीवाड़ा करने वाला फरार भाई गिरफ्तार, समिति प्रबंधक पहले ही जा चुका है जेल

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी समिति प्रबंधक का भाई है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था। मामला पलारी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, समिति प्रबंधक ने अपने भाई के साथ मिलकर धान खरीदी केंद्र में धान लाए बिना ही टोकन जारी कर तौल पत्रक तैयार किया और ऑनलाइन प्रविष्टि कर भुगतान प्राप्त कर लिया। इस मामले में समिति प्रबंधक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि उसका भाई फरार था।
प्रकरण में इंदिरा कॉलोनी बलौदाबाजार निवासी संजय कुमार वर्मा, जो जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा कोदवा में शाखा प्रबंधक हैं, ने 23 जनवरी 2026 को पलारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि खरतोरा धान खरीदी केंद्र की जांच के दौरान अनियमितता सामने आई।
जांच में पाया गया कि 21 जनवरी 2026 को आरोपी ने अपने भाई संतोष कुमार गेंडरे के नाम पर 53 कट्टा धान, कुल 21.20 क्विंटल सरना धान की फर्जी खरीदी दर्शाई। बिना धान लाए ही तौल पत्रक जारी कर ऑनलाइन प्रविष्टि और भुगतान कर लिया गया, जिससे शासन को 50 हजार 200 रुपए की क्षति हुई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पहले समिति प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी संतोष कुमार गेंडरे फरार था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संतोष कुमार गेंडरे (56 वर्ष), निवासी ग्राम खैरा, वर्तमान निवासी सुनीता पार्क तेलीबांधा रायपुर, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



