फर्जी आधार कार्ड के सहारे हवाई यात्रा की कोशिश, रायपुर एयरपोर्ट पर युवक गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान फर्जी आधार कार्ड के जरिए हवाई यात्रा करने की कोशिश कर रहे एक युवक को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया। आरोपी दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी टिकट से रायपुर से इंदौर जाने की तैयारी में था।
पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 को रायपुर एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री रायपुर से इंदौर जाने वाली फ्लाइट के लिए पहुंचा। उसने स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी हवाई टिकट प्रस्तुत किया और पहचान के लिए आधार कार्ड दिखाया।
दस्तावेजों की जांच के दौरान सुरक्षाकर्मियों को आधार कार्ड पर संदेह हुआ। गहन जांच में पता चला कि आधार कार्ड फर्जी है। आरोपी ने दूसरे व्यक्ति के आधार कार्ड में अपनी फोटो लगाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी कुलदीप सिंघल, स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी टिकट पर यात्रा करने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ में उसकी पहचान कुलदीप सिंघल के रूप में हुई। वह मूल रूप से 109 श्रद्धा श्री कॉलोनी, बरपानी धाम, थाना विजय नगर, जिला इंदौर, मध्यप्रदेश का निवासी है। उसका वर्तमान पता कृष्णा एवेन्यू फेस-1, लिम्बोदी, खंडवा रोड, थाना तेजाजी नगर, जिला इंदौर बताया गया है।
एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है। फर्जी आधार कार्ड तैयार करने में किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।


