पंडरी इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश नाकाम: पुलिस ने हथियार बंद बदमाश को दबोचा, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

रायपुर। रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने पिस्टल लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नॉर्थ जोन पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के अनुसार 15 फरवरी को सूचना मिली थी कि पंडरी इलाके के भिक्षुक केंद्र के पास एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है। हुलिए के आधार पर पुलिस ने युवक को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से पिस्टल और खाली मैगजीन मिली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुरानी बस्ती निवासी नंदू शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कचरे के ढेर में पिस्टल मिलने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी हत्या व मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।



