कांग्रेस की अंतर्कलह पर अरुण साव का तीखा तंज: बोले-‘कांग्रेस-कांग्रेस’ खेल रही पार्टी, आपस में लड़कर ही हो जाएगी खत्म

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में कांग्रेस वार्ड अध्यक्षों की नियुक्तियां रद्द होने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। इस खींचतान पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बड़ा हमला बोला है। साव ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर ‘अपनों से ही जंग’ चल रही है और पार्टी अब पूरी तरह बिखरने की कगार पर है।
संगठन की कमजोरी आई सामने
हाल ही में रायपुर में कांग्रेस के वार्ड अध्यक्षों की सूची जारी की गई थी, जिसे कुछ ही समय बाद आपसी विवाद के चलते निरस्त कर दिया गया। इसी घटनाक्रम को मुद्दा बनाते हुए अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस फिलहाल जनहित के बजाय ‘कांग्रेस-कांग्रेस’ खेलने में व्यस्त है। उनके नेता आपस में ही उलझे हुए हैं, जिससे संगठन की कमजोरी साफ दिख रही है। साव ने यहाँ तक कहा कि जनता भी अब इस आपसी कलह से ऊब चुकी है।
महिला आरक्षण पर घेरा
महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा 75 साल का हिसाब: कांग्रेस ने दशकों तक महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखा। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को उनका वाजिब हक मिल रहा है। साव के मुताबिक, कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि देश की जनता और महिलाएं सशक्त हों।
पश्चिम बंगाल में बदलाव का दावा
बंगाल के चुनावी माहौल पर चर्चा करते हुए साव ने ममता सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस बार बंगाल की जनता बड़े परिवर्तन के लिए तैयार है और वहां भी ‘कमल’ खिलना तय है।



