सहायक संचालक मछली पालन कार्यालय में आगजनी, लाखों के नुकसान की आशंका, शॉर्ट सर्किट माना जा रहा कारण

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित जिला सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय में रविवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। इस आगजनी में कार्यालय के एक हिस्से में रखे महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, कार्यालय से धुआं और लपटें उठती देख स्थानीय निवासियों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को इसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर चक्रधर नगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कार्यालय के आसपास के क्षेत्र को खाली कराया। प्राथमिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग इसकी विस्तृत तकनीकी जांच कर रहे हैं।
एएसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि मछली पालन विभाग में आग लगने की सूचना पर तत्काल पुलिस और दमकल की टीम भेजी गई थी। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। वर्तमान में विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



