जनआशीर्वाद यात्रा में पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, बोले- कमल नाथ ने MP के विकास को रोकने का किया काम

सिवनी। भारतीय जनता पार्टी की जनआर्शीवाद यात्रा सिवनी पहुंची। जनआशीर्वाद यात्रा में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल हुए। उन्होंने पत्रकार वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कमल नाथ जब मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने भाजपा की जनहितैषी योजनाओं को बंद कर दिया। उन्होंने मध्य प्रदेश के विकास को रोकने का काम किया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि सनातन को गाली देने के लिए कांग्रेस के एक के बाद एक नेता आगे आ रहे हैं। यूपीए का चोला बदलकर कांग्रेस ने घमंडिया गठबंधन बनाया है। राहुल गांधी विदेश में भारत की छवि को खराब कर रहे हैं, तो भारत में उनके नेता सनातन और हिंदू धर्म को अपमानित कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार सनातन संस्कृति को सम्मान दे रही है। उज्जैन में महाकाल लोक, ओंकारेश्वर में एकात्म धाम भाजपा सरकार बना रही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत में G20 का सफल आयोजन देश की बहुत बड़ी उपलब्धि उस समय है। दुनिया में बहुत सारी चुनौतियां हैं। दुनिया के कई देश आर्थिक से जूझ रहे हैं। इतने चुनौती पूर्ण समय में दुनिया के 20 देशों को एक मंच पर लाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर दिखाया है। दुनिया भारत को एक उम्मीद के रूप में देख रही है।
एमपी कर रहा है विकास के नए आयाम स्थापित
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज मैं भारत के दिल मध्य प्रदेश में आया हूं। जिसे 20 साल पहले बीमारू राज्य कहा जाता था। मध्य प्रदेश की विकास दर 1 प्रतिशत भी नहीं थी। जनता ने एक सही निर्णय लेकर भाजपा पर विश्वास जताया तो, मध्य प्रदेश आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। किसानों को 15 से 16 प्रतिशत ब्याज देना पड़ता था, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे शून्य कर दिया है। जिन युवाओं की उम्र 18 से 25 वर्ष है, उन्होंने न ही टूटी सड़कें देखीं और न ही लालटेन में पढ़ाई की।
आज का एमपी है नंबर 1
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज मध्य प्रदेश गेहूं निर्यात में देश में नंबर-1 है। पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में देश में नंबर- 1 है। आयुष्मान योजना के कार्ड बनाने में देश में नंबर- 1 है। ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता पूर्वक बनाने में देश में नंबर- 1 है। राष्ट्रीय गोकुल मिशन में देश में नंबर -1 है।