आंध्र प्रदेश: 1600°C गर्म मोल्टन आयरन फैला, विजाग स्टील प्लांट में 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत

विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित विजाग स्टील प्लांट में सोमवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट में पिघले हुए लोहे (Molten Iron) के फैलने से आठ कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, हादसा राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL) के विजाग स्टील प्लांट में हुआ। घटना उस समय हुई जब क्रेन की सहायता से एक विशाल बकेट में भरे पिघले लोहे को प्लांट के एक सेक्शन से दूसरे सेक्शन तक ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि लोहे का तापमान करीब 1600 डिग्री सेल्सियस था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक बकेट से अत्यधिक गर्म पिघला हुआ लोहा बाहर फैल गया। देखते ही देखते लाल-गर्म लावा जैसा धातु आसपास काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर पड़ा। हादसा इतना भीषण था कि कई कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। Emergency Response Team और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। झुलसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों का विशेष उपचार किया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर तकनीकी गड़बड़ी या सुरक्षा मानकों में चूक की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
विजाग स्टील प्लांट देश के प्रमुख इस्पात संयंत्रों में से एक है। इस दुखद घटना के बाद कर्मचारियों और उनके परिजनों में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।



