अमूल दूध फिर महंगा, 14 मई से पूरे देश में बढ़ेंगे दाम, प्रति लीटर ₹2 की बढ़ोतरी

देशभर में दूध उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। डेयरी कंपनी Amul ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई दरें 14 मई से लागू होंगी। कंपनी ने प्रति लीटर दूध पर 2 रुपये की बढ़ोतरी की है।

कंपनी के मुताबिक पशु चारे, पैकेजिंग और ईंधन की लागत बढ़ने की वजह से दूध महंगा करना पड़ा है। अमूल का कहना है कि किसानों और डेयरी संचालन पर बढ़ते खर्च का असर संतुलित करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
नई कीमतों के बाद अमूल भैंस का दूध अब 38 रुपये प्रति आधा लीटर और 75 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से मिलेगा। यह बढ़ोतरी कंपनी के प्रमुख दूध पैकेटों पर लागू होगी।
अमूल का संचालन करने वाली सहकारी संस्था Gujarat Cooperative Milk Marketing Federation ने बयान जारी कर कहा कि दूध उत्पादन और संचालन की कुल लागत लगातार बढ़ रही है। इस साल पशुओं के चारे, पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की कीमतों में काफी इजाफा हुआ है।
संस्था ने बताया कि किसानों को मिलने वाली खरीद कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। सदस्य संघों ने दूध उत्पादकों के लिए खरीद मूल्य में 30 रुपये प्रति किलोग्राम फैट की बढ़ोतरी की है। यह मई 2025 के मुकाबले करीब 3.7 प्रतिशत अधिक है।
गौरतलब है कि अमूल ने इससे पहले 1 मई 2025 को भी दूध के दाम बढ़ाए थे। तब भी कंपनी ने प्रति लीटर 2 रुपये की बढ़ोतरी की थी। लगातार दूसरी बार कीमतें बढ़ने से आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट प्रभावित हो सकता है।
इधर देश में खुदरा महंगाई भी बढ़ती दिखाई दे रही है। अप्रैल महीने में CPI आधारित महंगाई दर बढ़कर 3.48 प्रतिशत तक पहुंच गई। खाने-पीने की चीजों और सब्जियों की बढ़ती कीमतों के बीच अब दूध महंगा होने से लोगों की चिंता और बढ़ सकती है।



