पश्चिम एशिया संकट के बीच मुख्यमंत्री साय ने ली उच्च स्तरीय बैठक: प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति रहेगी निर्बाध, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पश्चिम एशिया में उत्पन्न स्थितियों के मद्देनजर मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी संभागायुक्तों, आईजी, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी गैस और उर्वरकों की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि प्रदेश में इन वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बैठक में बताया गया कि अब तक राज्य भर में 335 स्थानों पर छापेमारी की गई है, जिसमें जमाखोरी के मामले में 3841 गैस सिलेंडर जब्त कर 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं। तेल कंपनियों एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि गैस और ईंधन की सप्लाई नियमित रूप से जारी है। उज्ज्वला और सामान्य गैस कनेक्शन के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर ही बुकिंग की जा रही है।
खाद की उपलब्धता को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समान रूप से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए और स्टॉक की दैनिक समीक्षा की जाए। इसके अलावा, अस्पतालों, छात्रावासों और सैन्य बलों जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों में गैस आपूर्ति को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव विकास शील ने बताया कि आम जनता घरेलू गैस से संबंधित किसी भी शिकायत या कालाबाजारी की सूचना टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर दे सकती है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों और अफवाहों पर कड़ी नजर रखने तथा जनता तक सही तथ्य पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।



