हिजाब विवाद पर AIMIM नेता इम्तियाज जलील का तीखा बयान, धर्मनिरपेक्ष दलों पर लगाए आरोप

जालना। हिजाब विवाद को लेकर AIMIM के पूर्व सांसद इम्तियाज जलील ने शनिवार को कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति मुस्लिम महिलाओं को गलत नीयत से छूने की कोशिश करेगा, तो उसका हाथ काट दिया जाएगा।
महाराष्ट्र के जालना में एक कार्यक्रम के दौरान जलील ने कहा कि पक्ष और विपक्ष में शामिल कई राजनीतिक दल खुद को धर्मनिरपेक्ष बताते हैं, लेकिन वे गुंडों और आपराधिक तत्वों का समर्थन करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यही दल मुसलमानों के अधिकारों के पक्ष में खड़े होने से कतराते हैं।
इम्तियाज जलील का यह बयान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक महिला के चेहरे से हिजाब हटाने की घटना और उस पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद की टिप्पणी के बाद सामने आया है।
जालना में 15 जनवरी को होने वाले नगर निगम चुनाव के मद्देनजर जलील AIMIM के 17 प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। शिरसाट ने मकर संक्रांति का हवाला देते हुए AIMIM के पतंग चुनाव चिन्ह पर रोक लगाने की मांग की थी।
इस पर तंज कसते हुए जलील ने कहा कि यदि ऐसा है, तो शिवसेना और बीजेपी नेताओं को भी अगले एक महीने तक घड़ी नहीं पहननी चाहिए। उनके इस बयान को महायुति की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के घड़ी चुनाव चिन्ह पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि एनसीपी इस चुनाव में अलग से मैदान में है।



