मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता से मिनटों में हरकत में आया प्रशासन: बुजुर्ग भीखलु राम को मिली तत्काल राहत

रायपुर 25 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनशीलता का एक बड़ा उदाहरण सामने आया है। मीडिया में खबर आते ही मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान लिया और प्रशासन ने चंद घंटों के भीतर एक जरूरतमंद बुजुर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा दिया। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड निवासी भीखलु राम ध्रुव, जो लंबे समय से पेंशन और राशन के लिए परेशान थे, उन्हें अब शासन की ओर से बड़ी राहत दी गई है।
मीडिया की खबर पर मुख्यमंत्री का तत्काल एक्शन
गरियाबंद के ग्राम पथर्री निवासी भीखलु राम ध्रुव की समस्याओं से जुड़ी खबर जैसे ही सार्वजनिक हुई, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिना विलंब किए जिला प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री के आदेश मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और बुजुर्ग के घर पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। जांच में पता चला कि ई-केवाईसी (e-KYC) लंबित होने के कारण उनकी वृद्धावस्था पेंशन रुकी हुई थी। प्रशासन ने मौके पर ही प्रक्रिया पूर्ण कराई और उनकी तीन माह की रुकी हुई पेंशन एकमुश्त जारी कर दी।
राशन और अन्य सुविधाओं की तत्काल बहाली
पेंशन के साथ-साथ खाद्य विभाग ने भी संवेदनशीलता दिखाते हुए भीखलु राम के घर एक क्विंटल चावल पहुंचाया। अब उन्हें उचित मूल्य की दुकान से नियमित राशन मिलना सुनिश्चित कर दिया गया है। कलेक्टर बीएस उइके ने स्वयं मामले की निगरानी की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में ऐसी तकनीकी दिक्कतों के कारण किसी भी हितग्राही का लाभ न रुके। शासन की इस तत्परता ने साबित कर दिया है कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की समस्याओं के प्रति कितनी सजग है।
मुख्यमंत्री का आभार, बुजुर्ग के चेहरे पर लौटी मुस्कान
सरकारी मदद मिलने के बाद भीखलु राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि पेंशन और चावल मिल जाने से उनके जीवन की बड़ी चिंता दूर हो गई है और अब उन्हें भरोसा है कि सरकार गरीबों का पूरा ख्याल रख रही है। मुख्यमंत्री के इस मानवीय हस्तक्षेप ने न केवल एक परिवार की मदद की, बल्कि शासन की जनकेंद्रित नीतियों और जवाबदेही की एक नई मिसाल भी पेश की है।




