कवर्धा में पानी प्लांट पर प्रशासन का छापा: 2000 से ज्यादा बोतलें सीज, गलत लाइसेंस पर चल रहा था खेल

कवर्धा। कलेक्टर गोपाल वर्मा एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर जिले में संचालित पानी प्लांट्स पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिनीमाता चौक स्थित बिल्स वॉटर ड्रिंको में गंभीर अनियमितताएं पाई।
जांच में पाया गया कि प्रतिष्ठान द्वारा गलत लाइसेंस और गलत पते से उत्पादन किया जा रहा था। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से 1728 बोतल बिल्स पैकेज्ड वाटर और 288 बोतल बिल्स ऑरेंज सोडा, कुल 2016 बोतलें जब्त कर सीज की गईं।
टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से चार विधिक नमूने भी संकलित किए, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है। विभाग के अनुसार रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गर्मी के मौसम को देखते हुए वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी साधना चंद्राकर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी फणीभूषण जायसवाल ने जिले के अन्य पानी प्लांट्स से भी नमूने लिए। इसमें बैरागी प्रोडक्ट्स वार्ड नंबर 9 से मन एक्वा पैकेज्ड वाटर, निवान अमृत एक्वा रायपुर रोड से एक नमूना और बिल्स वॉटर ड्रिंको से दो नमूने शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी है कि बिना वैध लाइसेंस और पंजीयन के उत्पादन या बिक्री करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



