रायगढ़ जिले में अवैध अफीम की खेती पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, ड्रोन सर्वे से हो रही निगरानी

रायपुर, 23 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में बीते 72 घंटों के भीतर तमनार और लैलूंगा विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में अफीम की अवैध खेती पर बड़ी कार्रवाई की गई है। इस अभियान ने नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के बीच हड़कंप मचा दिया है।
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि जिले के सभी अनुविभागों में अवैध खेती पर नियंत्रण हेतु व्यापक ड्रोन सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। अब तक खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, लैलूंगा, मुकडेगा, रायगढ़, पुसौर और धरमजयगढ़ के कुल 74 ग्रामों में ड्रोन के माध्यम से सफलतापूर्वक निगरानी की गई है। अत्याधुनिक तकनीक की मदद से दुर्गम क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पिछले डेढ़ सप्ताह से जारी इस सघन विश्लेषण के दौरान अफीम की खेती के तीन प्रमुख मामले उजागर हुए हैं, जिन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कार्रवाई का विवरण देते हुए बताया कि 19 मार्च को तमनार के आमाघाट में सब्जी की आड़ में की जा रही अफीम की खेती पर छापा मारा गया। वहां से लगभग 60,326 पौधे बरामद किए गए, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 2 करोड़ रुपये है। इस मामले में मुख्य आरोपी मार्शल सांगा को हिरासत में लिया गया है। पुलिस, प्रशासन, कृषि और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी और रोटावेटर की सहायता से अवैध फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया है।
इसी क्रम में 23 मार्च को लैलूंगा तहसील के ग्राम नवीन घटगांव और मुड़ागांव में भी अवैध खेती के मामले सामने आए। नवीन घटगांव में सादराम नाग नामक व्यक्ति द्वारा अपने खेत में अफीम उगाई जा रही थी, जिसे मौके पर जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। वहीं, अभिमन्यु नागवंशी के घर से अफीम की सूखी फसल बरामद की गई है। मुड़ागांव में भी तानसिंह नागवंशी के पास से संदिग्ध फसल के अवशेष मिले हैं, जिन्हें जांच हेतु भेजा गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नारकोटिक्स एक्ट के तहत सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आस-पास होने वाली किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि नशामुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।



