अफीम खेती मामले में कार्रवाई, आरोपी के भाई की अवैध दुकान पर चला बुलडोजर

दुर्ग। जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम समोदा में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की अवैध खेती के मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध दुकान पर बुलडोजर चलाया। तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा।
इससे पहले अफीम की खेती के मामले में पुलिस भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रशासन की इस कार्रवाई को मामले में सरकार की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार दुर्ग जिले के समोदा और झेनझरी गांव में विनायक ताम्रकार के खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर लगी अफीम की पूरी फसल उखाड़ दी। जब्त की गई फसल का कुल वजन लगभग 62 हजार किलो बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने जब्त की गई अफीम की फसल को चार ट्रैक्टर में भरकर सुरक्षित स्थान पर रखवाया है। इसे नष्ट करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए पर्यावरण विभाग से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही फसल को नष्ट कर दिया जाएगा। मामला जेवरा-सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र का है।



