हादसा या साजिश? खैरागढ़ से गायब हुई बच्ची का बिलासपुर में मिला शव, पहचान होते ही पसरा मातम; जांच में जुटी पुलिस

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के चिचोला की रहने वाली 14 वर्षीय छात्रा देविका वर्मा का शव बिलासपुर जिले के ग्राम किसान परसदा स्थित रेलवे ट्रैक पर मिला है। बच्ची 28 मार्च की रात से लापता थी। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार देविका कक्षा 8वीं की छात्रा थी और चार बहनों में से एक थी। उसके पिता शैलेंद्र वर्मा स्थानीय हाईस्कूल में स्वीपर के रूप में कार्यरत हैं, जबकि माता आंगनबाड़ी में रसोइया हैं। परिजनों के मुताबिक 28 मार्च की रात करीब 10:30 बजे से देविका घर से लापता हो गई थी। इसके बाद 29 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे खैरागढ़ थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
इसी दौरान 29 मार्च को ही बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात किशोरी का शव बरामद हुआ था। 31 मार्च को परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुष्टि हुई कि शव देविका वर्मा का ही है। इसके बाद खैरागढ़ पुलिस परिजनों को लेकर बिलासपुर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
परिजनों ने पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का जल्द खुलासा किया जाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।



