सरकंडा में हादसा: फ्रिज में विस्फोट के बाद लगी आग में झुलसी महिला, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में फ्रिज में हुए धमाके के बाद एक घर में भीषण आग लग गई। हादसे में घर के अंदर अकेली मौजूद एक महिला की जलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 57 वर्षीय जया अग्रवाल लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे रहती थीं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उनके भाई का निधन हो गया था। वह अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थीं, जबकि उनका परिवार बेंगलुरु में निवास करता है।
रविवार देर रात घर में रखे फ्रिज में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग लग गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि गली के एक मकान से आग की ऊंची लपटें उठ रही हैं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पार्षद दिलीप पाटिल की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही पुलिस और दमकल विभाग को भी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद जब घर के अंदर तलाशी ली गई, तब महिला गंभीर रूप से झुलसी हुई मिलीं। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले तेज धमाके की आवाज सुनाई दी थी। शुरुआत में लोगों को आशंका थी कि गैस सिलेंडर फटने से आग लगी है, लेकिन प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह फ्रिज में विस्फोट होना सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।



