टाटा मोटर्स शोरूम पर एसीबी की छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच तेज

धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के काशीटांड़ स्थित टाटा मोटर्स शोरूम में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने छापेमारी की है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और संदिग्ध निवेश के एक मामले को लेकर की जा रही है। छापेमारी में रांची और धनबाद एसीबी की संयुक्त टीम शामिल है, जो शोरूम से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है।
एसीबी की टीम ने शोरूम परिसर में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है और निवेश, संपत्ति व कारोबारी लेन-देन से संबंधित कागजात खंगाले जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान शोरूम परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों और आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी दी जाएगी। फिलहाल छापेमारी जारी है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एसीबी द्वारा चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है। इससे पहले इसी माह एजेंसी ने जेल में बंद निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे के करीबी श्रवण जालान और दुमका के कारोबारी नवीन पटवारी के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी, जहां आय से अधिक संपत्ति और संदिग्ध निवेश से जुड़े मामलों की जांच की गई थी।
जानकारी के मुताबिक, धनबाद, रांची और अन्य जिलों में संचालित टाटा मोटर्स शोरूम की मालकिन और निदेशक स्निग्धा सिंह हैं, जो आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में आरोपी बताई जा रही हैं और फिलहाल फरार हैं। एसीबी को सूचना मिली थी कि शोरूम में करोड़ों रुपये का निवेश किया गया है, लेकिन निवेश के स्रोत को लेकर संतोषजनक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
इसी कड़ी में एसीबी ने स्निग्धा सिंह के नियंत्रण वाले टाटा मोटर्स और महिंद्रा से जुड़े छह शोरूम से संबंधित वित्तीय दस्तावेज, लेन-देन का रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात जब्त कर उनकी जांच शुरू की है। एजेंसी का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



