अभनपुर पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, महिला और दो किशोरों सहित पांच आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भरेंगाभाठा से नवागांव मार्ग पर सड़क किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल एक महिला और विधि के साथ संघर्षरत दो किशोरों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण का एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब अभनपुर पुलिस को मुरूम के गड्ढे में दफन एक शव की सूचना मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की गर्दन पर गहरे आघात और श्वासनली में चोट की पुष्टि हुई। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि मृतक को अधमरी अवस्था में ही दफन कर दिया गया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके पश्चात अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभनपुर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। संदेह के आधार पर पुलिस ने बोरियाकला निवासी श्याम सुंदर सोनी की पहचान की, जो अपने कर्मचारियों के साथ फरार था। सघन पूछताछ और पड़ताल के बाद पुलिस ने श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो अपचारियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के मध्य प्रेम संबंध थे। 16 मार्च की रात जब श्याम सुंदर सावित्री के घर गया था, तब वहां पहले से मौजूद नितेश बत्रा से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर श्याम सुंदर ने अपने कर्मचारियों को ऑटो से बुलाया और नितेश को जबरन बैठाकर ले गए। खट्टी और ढोढ़रा के पास आरोपियों ने नितेश के साथ मारपीट की और गमछे से गला घोंट दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे भरेंगाभाठा के पास मुरूम खदान में जिंदा दफन कर दिया और फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी, ऑटो वाहन और अन्य सामग्री जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपी माइकल सैनी की तलाश हेतु संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



