छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी के चुनावी अभियान की बस्तर से शुरुआत, जगदलपुर पहुंचे केजरीवाल और भगवंत मान

जगदलपुर। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ में चुनाव अभियान की शुरुआत बस्तर से करने जा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बस्तरवासियों से संवाद करने आ रहे हैं। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। थोड़ी देर में वे जनसभा को संबोधित करने लालबाग सभा स्थल पहुंचेंगे। बता दें कि बस्तर से आप चुनावी आगाज करने जा रही है। बस्तर से केजरीवाल 10वीं गारंटी की घोषणा करेंगे। दिल्ली के बुराड़ी विधायक व छत्तीसगढ़ प्रभारी संजीव झा सहित आम आदमी पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेता शुक्रवार को ही बस्तर पहुंच चुके हैं। लालबाग में आयोजित जनसभा को विशाल बनाने के लिए करीब पचास हजार लोगों की भीड़ जुटाने का प्रयास आप की ओर से किया जा रहा है।
सम्मेलन से एक दिन पहले शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी संजीव झा ने पत्रवार्ता लेकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ बनने के बाद से बस्तर की जनता ने जिस पर भरोसा किया, प्रदेश में उसी राजनीतिक दल की सरकार बनी। 15 वर्ष भाजपा और उसके बाद कांग्रेस को मौका दिया पर दोनों ही दल ने सत्ता में आने के बाद बस्तरवासियों की उम्मीदों को ध्वस्त करने का काम किया है।
छत्तीसगढ़ में बदलाव लाने की बस्तर से होगी शुरुआत
बस्तर के आदवासियों को उनके भरोसे के बदले कुछ भी नहीं मिला। आज भी बस्तर उपचार के अभाव में आदिवासियों की मौत हो रही है। बुनियादी शिक्षा भी उन्हें नहीं मिल पा रहा है। छत्तीसगढ़ की जनता राजनीतिक विकल्प की आवश्यकता महसूस कर रही है और आम आदमी पार्टी इसके लिए छत्तीसगढ़ में बदलाव लाने की शुरुआत बस्तर से करने जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रभारी झा ने कहा कि बस्तर को भाजपा व कांग्रेस दोनों ने ही जमकर लूटा है। भाजपा के 15 वर्ष के सरकार में भ्रष्टाचार को देखते हुए बस्तर ने कांग्रेस पर भरोसा जताया पर वह लूट और भ्रष्टाचार में भाजपा से भी एक कदम आगे निकल गई। आप ने दिल्ली में बहुत ही बेहतर काम किया है, जिसके परिणामस्वरुप तीसरी बार सरकार बनाने में कामयाब हुए। पंजाब में भी हमें आशीर्वाद मिला।
आजादी के बाद से जितनी भी राजनीतिक दल आए उन्होंने चुनावी घोषणा किए पर आम आदमी पार्टी ने घोषणा पत्र को पूरी तरह से अमल में लाने का काम किया। अब छत्तीसगढ की जनता को विकास की गारंटी की घोषणा पत्र देने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल यहां आ रहे है। इस दौरान छत्तीसगढ़ सहप्रभारी निरंजन वसावा, देश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल साहू, छत्तीसगढ़ प्रवक्ता सूरज उपाध्याय, प्रदेश कोषाध्यक्ष जसबीर सिंह, बस्तर लोकसभा अध्यक्ष समीर खान व प्रदेश प्रवक्ता तरुणा सावे बेदरकर उपस्थित थे।