Raipur Nigam Budget 2024: आज पेश होगा रायपुर नगर निगम का बजट, युवाओं को रोजगार, मनोरंजन, स्वास्थ्य पर होगा फोकस, जानिए क्या कुछ है खास…

रायपुर। रायपुर नगर निगम का 2024-25 का बजट बुधवार यानि आज 21 फरवरी को पेश किया जाएगा। इस बार निगम का बजट 1,800 करोड़ से अधिक का होने वाला है। इस बार के बजट में युवाओं को प्रशिक्षित करने के साथ ही रोजगार देने से लेकर लोगों के मनोरंजन के लिए विशेष प्रविधान किया गया है। इस बजट में इंदिरा उद्यान में पिकनिक पाइंट का प्रविधान रखा गया है। वहीं, शहर की खुली नालियों को इस बार के बजट में इन्हें ढकने का प्रस्ताव भी शामिल है। महापौर युवाओं के लिए खास स्टार्टअप स्टूडियो भी लेकर आने वाले हैं।
वहीं, बजट में युवाओं के रोजगार, मनोरंजन और स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया है। शहरी सरकार के कार्यकाल का यह अंतिम बजट है। पिछले सत्र में महापौर ने 1,475 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जिसकी तुलना में इस बार का बजट 325 करोड़ रुपये ज्यादा का होने वाला है।
युवाओं को नवाचार से जोड़ने के लिए स्टार्टअप स्टूडियो और को-वर्किंग सेंटर का प्रविधान बजट में लाया जा रहा है। महापौर एजाज ढेबर ने युवाओं की स्किल बढ़ाने के लिए खास विश्व स्तरीय कौशल केंद्र के लिए बजट में प्रस्ताव रखा है। शहर के युवाओं को नई-नई तकनीक से रूबरू कराने और नवाचार से जोड़ने के उद्देश्य से यह बजट प्रस्तुत किया जाने वाला है।
तालाबों की बदलेगी सूरत...
शहर के तालाबों के सुंदरीकरण के लिए नागरिकों द्वारा लगातार मांग की जा रही है। शहर की सुंदरता को बढ़ाने के लिए कई प्रोजक्ट भी लाए जा चुके हैं। कई तालाबों की सूरत बदली भी गई है। इस बार के बजट में खास तालाबों के हाईस्ट्रीट डेवलपमेंट का प्लान लाया जा रहा है। इसके अंतर्गत शहर के तालाबों की तस्वीर खूबसूरती में बदली जाएगी।
बनेगा मल्टीएक्टीविटी सेंटर...
तरह-तरह के नवाचारों को लेकर हर शहर की मांग होती है। बच्चों से लेकर युवा हर कोई नई एक्टिविटी सीखने की इच्छा रखते हैं। इसके लिए भी इस बजट में विशेष प्रविधान लाया जा रहा है। इसके अंतर्गत शहर में मल्टीएक्टीविटी सेंटर बनाया जाएगा। यहां युवा-बच्चे तरह-तरह की एक्टीविटी से जुड़कर नवाचार सीखेंगे।
2 घंटे प्रश्न काल करने की मांग...
नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे ने बताया कि, निगम की सामान्य सभा में पहले 1 घंटे का प्रश्नकाल होगा। हालाकि नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे, पार्षद अमर बंसल और सूर्यकांत तिवारी ने मांग की है कि प्रश्न काल 2 घंटे का किया जाए। प्रश्नकाल के बाद महापौर एजाज ढेबर का बजट पर अभिभाषण होगा। सामान्य सभा सुबह 11 बजे से शुरू होगी। प्रश्नकाल में नगर निगम के 7 पार्षदों ने सवालों लगाए हैं।
महिलाओं के लिए अलग जिम...
मच्छरमुक्त शहर के कांसेप्ट पर केंद्रीकृत प्रणाली और बीमार व दुर्घटनाग्रस्त मवेशियों के तत्काल उपचार के लिए सभी जोन में एंबुलेंस की व्यवस्था का प्रविधान भी बजट में रखा गया है। जानकारी अनुसार हर जोन को एक-एक एंबुलेंस के लिए बजट में प्रस्ताव है। साथ ही महिलाओं की सेहत का ध्यान रखते हुए अलग से महिला जिम खोलने का प्रस्ताव भी बजट में लाया जा रहा है।