बनारस जा रही श्रद्धालुओं की बस को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, 15 घायल

टीआरपी डेस्क। श्रद्धालुओं को लेकर बनारस जा रही एक यात्री बस सोमवार को सड़क हादसे का शिकार हो गई। अंबिकापुर–बनारस मार्ग पर गंगापुर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में करीब 15 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल यात्री की अंबिकापुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
दुर्घटना लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां सभी का उपचार जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है।
बताया गया है कि बस रायगढ़ जिले के तमनार से श्रद्धालुओं को लेकर वाराणसी के लिए रवाना हुई थी। गंगापुर के पास पीछे से आए ट्रक ने तेज गति में बस को टक्कर मार दी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया। प्रशासन ने यात्रियों से सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।



