सोते परिजनों के बीच चोर ने दी दस्तक, पर्स से नगदी व मोबाइल चोरी कर दीवार के पास फेंका

बिलासपुर। हिर्री माइंस क्षेत्र में देर रात एक घर में घुसकर अज्ञात चोर नगदी, मोबाइल फोन और सोने के जेवर लेकर फरार हो गया। अलमारी खुलने की आवाज सुनकर परिजन जागे तो आरोपी सामान लेकर भाग निकला। घटना की शिकायत पर चकरभाठा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर रोड हिर्री माइंस निवासी जय शंकर कश्यप ने पुलिस को बताया कि 24 फरवरी को वे रोज की तरह सकरी बाजार सब्जी बेचने गए थे। उसी दिन उनकी बहन और बहनोई की शादी की सालगिरह थी, जिसमें शामिल होने के लिए वे सुरुचि रेस्टोरेंट गए थे। घर में उनकी पत्नी रीना कश्यप, बच्चे और मां मौजूद थे।
रात करीब 12:10 बजे जब वे घर लौटे तो पत्नी ने बताया कि रात 11 बजे दरवाजा बंद कर बच्चों के साथ कमरे में सो गई थीं, जबकि मां आंगन में सो रही थीं। करीब 12 बजे अलमारी खुलने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। उठकर देखा तो एक अज्ञात व्यक्ति अलमारी का दरवाजा खोल रहा था। आवाज लगाने पर वह मौके से भाग निकला।
जांच करने पर कमरे में सिरहाने के पास रखे दो महिला पर्स गायब मिले। बाद में दोनों पर्स घर के बाहर दीवार के पास पड़े मिले, लेकिन उनमें रखे दो मोबाइल फोन नहीं थे। साथ ही सोने के छोटे टॉप्स और करीब 28 हजार रुपये नगद भी गायब थे। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की शिकायत पर चकरभाठा थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।



