बिलासपुर से 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या रवाना हुई विशेष ट्रेन, काशी विश्वनाथ के भी होंगे दर्शन

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की महत्वाकांक्षी योजना के तहत आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से 850 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। इस यात्रा की खास बात यह है कि श्रद्धालुओं को अयोध्या में रामलला के दर्शन के साथ-साथ वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का अवसर भी मिलेगा। राज्य सरकार की इस पहल से यात्रियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। पूरा परिसर भगवा ध्वजों और फूलों से सजाया गया था। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और आईआरसीटीसी की ओर से यात्रियों के लिए चाय, नाश्ता और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है।
ट्रेन में सवार श्रद्धालुओं ने शासन की इस योजना की सराहना करते हुए इसे अपने जीवन का यादगार पल बताया। मुंगेली की निवासी सुनीता बाई और बिलासपुर के रामेश्वर साहू ने कहा कि सरकार की इस पहल से अयोध्या जाने का उनका सपना साकार हुआ है। स्टेशन पर यात्रियों का स्वागत स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया। सुरक्षा और सुविधाओं के मद्देनजर ट्रेन में आईआरसीटीसी के कर्मचारी लगातार तैनात रहेंगे।



