भीषण गर्मी के बीच राहत की बौछार: छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में गिरी बिजली और ओले, तापमान में दर्ज की गई गिरावट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 20 मार्च को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में तेज आंधी के साथ बारिश और ओले गिरे।
India Meteorological Department ने प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में तेज अंधड़, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके साथ ही 21 मार्च को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहने की चेतावनी दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग के जगदलपुर, बकावंड और साकोला में करीब 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है। तापमान की बात करें तो दुर्ग में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।



