छत्तीसगढ़ में औद्योगिक और श्रमिक विकास का नया अध्याय, मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व में बदली राज्य की तस्वीर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार श्रमिकों और उद्योगों के समन्वित विकास को प्राथमिकता दे रही है। राज्य सरकार की स्पष्ट नीतियों के कारण आज छत्तीसगढ़ प्रगति और समान अवसरों के आदर्श राज्य के रूप में उभर रहा है। 12 अप्रैल का दिन उद्योग तथा श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के समर्पण और जनसेवा की भावना को याद करने का अवसर है, जिनके कुशल नेतृत्व में विभाग ने नई ऊंचाइयों को छुआ है।
राज्य के रजत जयंती वर्ष 2026 में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है। नई औद्योगिक नीति 2024-30 के माध्यम से राज्य में समावेशी विकास पर जोर दिया गया है। इस परिवर्तनकारी दौर में मंत्री लखनलाल देवांगन का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय है। छत्तीसगढ़ सरकार ने 25 वर्षों की छोटी अवधि में ही उद्योग के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने का संकल्प लिया है, जिससे आज राज्य की अपनी एक अलग पहचान बनी है।
श्रमिकों के सशक्तिकरण के लिए सरकार ने कई प्रेरणादायक कदम उठाए हैं। इनमें सबसे प्रमुख पहल श्रमिकों के बच्चों को उत्कृष्ट विद्यालयों में निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को लाखों रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। पिछले दो वर्षों में सैकड़ों करोड़ रुपये सीधे श्रमिकों के खातों में हस्तांतरित किए गए हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है।
श्रम अन्न योजना के तहत मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना शासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है। इसके अलावा आवास सहायता और दुर्घटना में त्वरित आर्थिक सहयोग जैसी योजनाएं भी प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं। औद्योगिक क्षेत्र में करोड़ों रुपये के निवेश प्रस्ताव और नए उद्योगों की स्थापना से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
नवा रायपुर में देश का पहला एआई डाटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और आईटी क्षेत्र में निवेश जैसी पहलें छत्तीसगढ़ को आधुनिक तकनीकी युग में ले जा रही हैं। ई-निविदा और सिंगल विंडो सिस्टम ने व्यापार की प्रक्रिया को सरल बनाया है। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन और दूरस्थ क्षेत्रों में विकास की योजनाओं के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रगति का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह बदलाव अब और अधिक सशक्त रूप ले रहा है।



