माघ पूर्णिमा पर राजिम संगम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कुंभ कल्प मेला 2026 का शुभारंभ

:
राजिम। माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी राजिम स्थित त्रिवेणी संगम में आस्था का भव्य दृश्य देखने को मिला। पैरी, सोंढूर और महानदी के संगम पर तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य स्नान कर माघी स्नान का लाभ लिया। इसी के साथ ऐतिहासिक राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ।
श्रद्धालुओं ने सूर्योदय से पूर्व संगम में डुबकी लगाई। धार्मिक मान्यता के अनुसार माघ पूर्णिमा पर प्रातः स्नान विशेष पुण्यदायी माना जाता है। स्नान के बाद महिलाओं और युवतियों ने रेत में शिवलिंग बनाकर पूजा-अर्चना की और नदी में दीपदान किया, जिससे संगम तट दीपों से जगमगा उठा।
दीपदान के पश्चात बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री राजीव लोचन मंदिर और कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचे, जहां दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके अलावा लोमश ऋषि आश्रम, भक्तिन माता मंदिर, मामा-भांचा मंदिर, राजराजेश्वर, दानदानेश्वर और बाबा गरीबनाथ महादेव मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया गया।
इस वर्ष राजिम कुंभ कल्प मेले को बारह ज्योतिर्लिंग और पंचकोशी धाम की थीम पर विशेष रूप से सजाया गया है। मेले के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, संत समागम, कथा वाचन और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देशभर से साधु-संत और श्रद्धालु इसमें भाग लेने पहुंच रहे हैं।
01 फरवरी से प्रारंभ हुआ 15 दिवसीय मेला 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर संपन्न होगा। 10 से 15 फरवरी तक संत समागम आयोजित किया जाएगा। 09 फरवरी को जानकी जयंती और 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर विशेष पर्व स्नान भी होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला प्रशासन द्वारा पेयजल, स्वच्छता, आवास, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक अमला लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है।



