बांकी मोंगरा की एसईसीएल कॉलोनी में मिला मानव भ्रूण, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल (SECL) कॉलोनी में एक मानव भ्रूण मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह मामला उस समय सामने आया जब कॉलोनी के पीछे स्थित नाली के समीप स्थानीय निवासियों ने एक भ्रूण पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों की आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से भ्रूण को वहां फेंका गया है। सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मानव भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और विस्तृत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया है।
वर्तमान में पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि क्या यह मामला अवैध गर्भपात से जुड़ा है। पुलिस ने इस मामले में गहन जांच शुरू कर दी है।



